काठमांडू: नेपाल इन दिनों गंभीर राजनीतिक संकट से गुजर रहा है। युवा प्रदर्शनकारियों के एंटी-करप्शन प्रोटेस्ट ने देश को हिला दिया है, जिसमें 51 लोगों की मौत हो चुकी है। संसद और सरकारी इमारतों को आग के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। अब नेपाल की एकता और शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल पर है, जो भारत में मिलिट्री ट्रेनिंग ले चुके हैं। आइए जानते हैं कौन हैं जनरल सिग्देल और उनकी भूमिका क्या है।
जनरल सिग्देल का बैकग्राउंड
जनरल अशोक राज सिग्देल चेत्री का जन्म 1 फरवरी 1967 को रुपन्देही जिले में हुआ। उन्होंने 1987 में नेपाल आर्मी में कमीशन प्राप्त किया। उनकी शिक्षा में नेपाल, भारत और चीन के प्रतिष्ठित संस्थानों से ट्रेनिंग शामिल है। उन्होंने भारत के सिकंदराबाद स्थित कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट से डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स किया। इसके अलावा, चीन की नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी से मास्टर्स इन स्ट्रैटेजिक स्टडीज और त्रिभुवन यूनिवर्सिटी से एमए की डिग्री ली है। वे आर्मी वॉर कॉलेज से हायर एंड मैनेजमेंट कोर्स भी पूरा कर चुके हैं।
मिलिट्री करियर और अपॉइंटमेंट
सिग्देल ने नेपाल आर्मी में विभिन्न पदों पर काम किया। 2023 में उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल प्रमोट किया गया और वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बने। 9 सितंबर 2024 को राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने उन्हें नेपाल आर्मी का 45वां चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ नियुक्त किया, जहां उन्होंने जनरल प्रभु राम शर्मा की जगह ली।
वर्तमान संकट में भूमिका
2025 के जेन-जेड प्रोटेस्ट ने नेपाल को अस्थिर कर दिया। युवाओं के एंटी-करप्शन आंदोलन में हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने संसद, सुप्रीम कोर्ट और अन्य इमारतों को आग लगा दी। 9 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री ओली ने इस्तीफा दे दिया, जिसके पीछे जनरल सिग्देल की सलाह बताई जा रही है। अब सेना सड़कों पर उतर आई है और काठमांडू में पेट्रोलिंग कर रही है। जनरल सिग्देल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्र को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने शांति बनाए रखने, संपत्ति की रक्षा करने और एकता की अपील की। वे जेन-जेड प्रतिनिधियों से मिले और पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को अंतरिम प्रमुख बनाने पर सहमति जताई। उनकी कोशिश है कि देश एकजुट रहे और संक्रमणकाल सुचारू रूप से गुजरे।
जनरल सिग्देल का परिवार में पत्नी नीता सिग्देल और एक बेटा है। उनकी भारत से ट्रेनिंग नेपाल-भारत संबंधों को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकती है, खासकर इस संकट में।